उत्तरकाशी। रामचंद्र उनियाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय, उत्तरकाशी में ‘गंगा उत्सव’ के अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान गंगा संरक्षण को लेकर जागरूकता रैली, स्वच्छता अभियान, शपथ ग्रहण, योगाभ्यास, चित्रकला एवं स्लोगन प्रतियोगिता, रंगोली, महादीपदान और गंगा आरती का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की नोडल अधिकारी डॉ. अंजना रावत के संबोधन से हुआ। उन्होंने उपस्थित छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए मां गंगा की पवित्रता, स्वच्छता और संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला तथा सभी से गंगा को निर्मल एवं अविरल बनाए रखने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इसके पश्चात छात्र-छात्राओं द्वारा गंगा स्वच्छता एवं संरक्षण का संदेश देती जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से लोगों को गंगा नदी की स्वच्छता और संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।


रैली के उपरांत विद्यार्थी गंगा तट पर पहुंचे, जहां सभी ने मां गंगा को निर्मल एवं अविरल बनाए रखने की शपथ ली। शपथ ग्रहण के बाद छात्र-छात्राओं ने घाटों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया।

स्वच्छता अभियान के पश्चात गंगा तट के शांत एवं प्राकृतिक वातावरण में छात्र-छात्राओं के लिए विशेष योगाभ्यास एवं प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। योग प्रशिक्षक के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश ग्रहण किया।
कार्यक्रम के द्वितीय चरण में गोस्वामी गणेशदत्त विद्या मंदिर में छात्र-छात्राओं के बीच चित्रकला एवं स्लोगन प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कला और रचनात्मक विचारों के माध्यम से गंगा संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।


सायंकाल पंजाब सिंध क्षेत्र स्थित गंगा आरती स्थल पर छात्राओं द्वारा आकर्षक एवं भव्य रंगोली बनाई गई। इसके उपरांत महादीपदान कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं प्रतिभागियों ने सहभागिता की।दीपदान कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती सुधा गुप्ता रहीं। कार्यक्रम के अंतिम चरण में मुख्य अतिथि एवं श्रद्धालुओं के साथ मिलकर भक्तिमय वातावरण में मां गंगा की भव्य आरती की गई।


गंगा आरती के साथ ही ‘गंगा उत्सव’ के अंतर्गत आयोजित सभी कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुए। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य द्वारा आयोजन से जुड़े सभी प्रतिभागियों एवं सहयोगियों को हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।
कार्यक्रम में नोडल अधिकारी डॉ. अंजना रावत, संयोजक डॉ. मधु बहुगुणा एवं योग प्रशिक्षक पूजा व्यास विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उनके मार्गदर्शन एवं सहयोग से ‘गंगा उत्सव’ का यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
गंगा संरक्षण, स्वच्छता और जन-जागरूकता के संदेश के साथ आयोजित इस कार्यक्रम ने विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का महत्वपूर्ण संदेश दिया।