सैंज स्थित मलूक आश्रम में हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ गोवर्धन पूजा आयोजन

सैंज स्थित मलूक आश्रम में वीरांगना समूह और सांझा समूह द्वारा आयोजित गोवर्धन पूजा कार्यक्रम में पूजा-अर्चना करती महिलाएं।

उत्तरकाशी। सैंज स्थित मलूक आश्रम में सामाजिक एवं सांस्कृतिक मंच ‘वीरांगना समूह’ तथा ‘सांझा समूह’ के संयुक्त तत्वावधान में गोवर्धन पूजा का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास, श्रद्धा और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन दोनों समूहों की संरक्षिका श्रीमती संगीता जोशी द्वारा किया गया।

कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर वीरांगना समूह की अध्यक्ष अमिता नौटियाल ने गोवर्धन पूजा के सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कार्यक्रम के उद्देश्य को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति, पर्यावरण और पशुधन के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पावन पर्व भी है।

उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण द्वारा इंद्र के अहंकार को समाप्त कर गोवर्धन पर्वत की शरण में ब्रजवासियों एवं पशु-पक्षियों की रक्षा किए जाने की कथा का उल्लेख करते हुए कहा कि यह पर्व हमें प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश देता है।

इसके पश्चात सांझा समूह की अध्यक्ष संगीता भंडारी ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा उपस्थित श्रद्धालुओं के समक्ष प्रस्तुत की। तत्पश्चात दोनों समूहों की सदस्याओं ने मलूक आश्रम के निवासियों एवं स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ मिलकर विधि-विधान से गोवर्धन भगवान की पूजा-अर्चना की।

इस अवसर पर गौ-सेवा का संकल्प लेते हुए गायों को प्रेमपूर्वक चारा एवं प्रसाद भी खिलाया गया।

पूजा-अर्चना के उपरांत पूरे आश्रम परिसर में भक्तिमय वातावरण के बीच सभी श्रद्धालुओं ने संयुक्त रूप से संगीतमय सुंदरकांड पाठ किया।इसके बाद प्रस्तुत किए गए मधुर भजनों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। भजन-कीर्तन की मधुर स्वर-लहरियों से पूरा मलूक आश्रम परिसर भक्तिरस में सराबोर हो गया और उपस्थित श्रद्धालु भक्ति में झूम उठे।

धार्मिक अनुष्ठानों एवं भजन-कीर्तन के समापन के पश्चात सभी उपस्थित लोगों और आश्रमवासियों ने प्रेमपूर्वक एक साथ बैठकर सहभोज एवं प्रसाद ग्रहण किया।

इस अवसर पर दीपा रावत, अंजना रावत, बीना, उषा, ललिता, वंदना, पूनम डोगरा, राजेंद्री शाह, तनूजा, गीता, उमा सहित स्थानीय महिला मंगल दल की महिलाओं तथा वीरांगना एवं सांझा समूह की अनेक गणमान्य सदस्याएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।

यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता, सांस्कृतिक संरक्षण, पर्यावरण प्रेम एवं गौ-सेवा के संदेश को सशक्त रूप से प्रस्तुत करता नजर आया।

50% LikesVS
50% Dislikes