धूमधाम से मनाया गया उत्तरकाशी में राज्य स्थापना दिवस

उत्तरकाशी। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जनपद उत्तरकाशी में विभिन्न कार्यक्रमों का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। इस अवसर पर आयोजित मुख्य समारोह में उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित किया गया तथा राज्य निर्माण के लिए उनके संघर्ष, त्याग और अमूल्य योगदान को श्रद्धापूर्वक याद किया गया।

कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत की सुंदर झलक प्रस्तुतियों के माध्यम से देखने को मिली।

गोस्वामी गणेश दत्त सरस्वती विद्या मंदिर के छात्र-छात्राओं ने “हम उत्तराखंडी छा” एवं “जय उत्तराखंड” गीतों पर शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुति को उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों ने खूब सराहा।

गोस्वामी गणेश दत्त सरस्वती विद्या मंदिर के छात्र-छात्राएं सांस्कृतिक प्रस्तुति देते हुए।

वहीं जीजीआईसी की छात्राओं ने उत्तराखंडी लोकगीतों की प्रस्तुति पारंपरिक लोक वाद्य यंत्र ढोल और दमाऊ के साथ दी ।

जीजीआईसी की छात्राएं सांस्कृतिक प्रस्तुति देते हुए।

विकास पुस्तिका का भी किया गया विमोचन

राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, उत्तराखंड द्वारा प्रकाशित विकास पुस्तिका का भी विमोचन किया गया। “सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊँची उड़ान” शीर्षक से प्रकाशित इस पुस्तिका के विमोचन समारोह में छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित अतिथियों ने सहभागिता की।

पुस्तिका के माध्यम से उत्तराखंड राज्य की विकास यात्रा, विभिन्न क्षेत्रों में हुई प्रगति तथा राज्य के विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण उपलब्धियों को प्रस्तुत किया गया। विमोचन समारोह कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण रहा।

इस अवसर पर विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारी कर्मचारियों एवं शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।

अधिकारियों एवं अतिथियों ने उनके समर्पण और उत्कृष्ट कार्यों की प्रशंसा करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी प्रकार अपनी सेवाएं देने के लिए प्रेरित किया।

शिक्षक को सम्मानित करते जिलाधिकारी श्री प्रशांत आर्य ।
कार्यक्रम मे प्रतिभाग करने वाले छात्र छात्राएं

राज्य स्थापना दिवस समारोह ने एक ओर जहां उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान को स्मरण किया, वहीं दूसरी ओर युवा पीढ़ी को अपनी समृद्ध संस्कृति, लोक परंपराओं और उत्तराखंड की गौरवशाली विरासत से जुड़ने का संदेश भी दिया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, सम्मान समारोह और उत्तराखंड की विकास यात्रा के संदेश के साथ राज्य स्थापना दिवस का यह कार्यक्रम धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है।

50% LikesVS
50% Dislikes